मधुबनी। जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से टीबी मुक्त भारत अभियान की दैनिक प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 24 मार्च 2026 से 14 जुलाई 2026 तक चलाए गए विशेष टीबी स्क्रीनिंग अभियान की प्रखंडवार एवं दैनिक प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने एक्स-रे जांच, NAAT टेस्ट, डिफरेंशियल टीबी केयर, टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (TPT), निक्षय मित्र पहल, निक्षय पोषण योजना तथा उपचाराधीन मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग की स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में बताया गया कि 16 जुलाई 2026 को अपफ्रंट NAAT टेस्ट का दैनिक लक्ष्य 248 निर्धारित था, जबकि 312 जांचें की गईं, जो लक्ष्य का लगभग 126 प्रतिशत है। इसी दिन 26 नए निक्षय मित्रों का पंजीकरण किया गया तथा 17 टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए गए। इसके अलावा टीबी जागरूकता के तहत 450 लोगों को बचाव संबंधी जानकारी दी गई और 155 घरों में घर-घर जाकर संपर्क अभियान चलाया गया।
समीक्षा में यह भी बताया गया कि चेस्ट एक्स-रे का लक्ष्य 420 था, जिसे शत-प्रतिशत पूरा किया गया। जांच के दौरान 14 लोगों में टीबी के लक्षण पाए गए, जिनके आगे की जांच और उपचार की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि भारत सरकार और बिहार सरकार के टीबी उन्मूलन लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी अधिकारियों को मिशन मोड में कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि संभावित टीबी मरीजों की समय पर पहचान, स्क्रीनिंग और संदिग्ध मामलों में अनिवार्य रूप से NAAT टेस्ट कराया जाए तथा जांच कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
उन्होंने सभी पात्र व्यक्तियों को समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराने तथा निक्षय पोर्टल पर सभी सूचनाओं की शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निक्षय पोषण योजना का लाभ प्रत्येक टीबी मरीज तक पहुंचाने के लिए पेयी आईडी (Payee ID) शीघ्र तैयार कराने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रखंडों में आशा कार्यकर्ता, एएनएम, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी सेविका और अन्य क्षेत्रीय कर्मियों के समन्वय से घर-घर स्क्रीनिंग अभियान संचालित किया जाए, ताकि कोई भी संभावित टीबी मरीज जांच और उपचार से वंचित न रहे।
बैठक में सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
