*जीवछ नदी के पुनर्जीवन का संकल्प, जनभागीदारी से चलेगा स्वच्छता का महाअभियान*

*जीवछ नदी के कायाकल्प की तैयारी, मुक्ति धाम भी बनेगा स्वच्छ और सुंदर*

*जीवछ नदी के साथ मुक्ति धाम का भी किया जाएगा कायाकल्प : उमेश कुमार भारती*

~~~~
मधुबनी,
21 सितम्बर, 2026

स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम अंतर्गत जीवछ नदी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से 24 सितंबर से वृहत स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जीवछ नदी से जलकुंभी, कूड़ा-कचरा एवं अन्य गंदगी को हटाकर नदी क्षेत्र की विशेष साफ-सफाई की जाएगी। साथ ही, नदी के समीप स्थित मुक्ति धाम का भी कायाकल्प किया जाएगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने जीवछ नदी एवं उसके नजदीक स्थित मुक्ति धाम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों के साथ अभियान की तैयारियों, स्वच्छता कार्यों एवं मुक्ति धाम के कायाकल्प को लेकर आवश्यक विचार-विमर्श किया।

नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत 24 सितंबर से जीवछ नदी में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। नदी से जलकुंभी, कूड़ा-कचरा एवं अन्य गंदगी को हटाकर नदी क्षेत्र को स्वच्छ बनाया जाएगा। इसी क्रम में मुक्ति धाम की साफ-सफाई एवं आवश्यक कार्य कराकर उसका भी कायाकल्प किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीवछ नदी एवं इसके आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ जनभागीदारी भी आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान जिला समन्वयक एलएसबीए संजीव कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी अमिताभ गुंजन, स्वच्छता साथी अविनाश चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छता का महाअभियान
उपस्थित पदाधिकारियों ने जिलेवासियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों से 24 सितंबर से शुरू होने वाले इस वृहत स्वच्छता अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जीवछ नदी केवल एक जलधारा नहीं, बल्कि क्षेत्र की प्राकृतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नदी को स्वच्छ एवं संरक्षित रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का साझा दायित्व है। प्रत्येक नागरिक अभियान से जुड़कर नदी की साफ-सफाई में सहयोग करे, नदी एवं उसके आसपास कूड़ा-कचरा नहीं फैलाने का संकल्प ले तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करे।
इस अवसर पर डीपीओ जिला गंगा समिति, नमामि गंगे आनंद अंकित ने जीवछ नदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवछ नदी मधुबनी एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान के समान है। इसकी निर्मलता, अविरलता एवं पवित्रता को बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि नदियों एवं जलस्रोतों के संरक्षण के लिए केवल अभियान चलाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को निरंतर इससे जोड़ना और उनमें स्वच्छता एवं संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी जरूरी है।
हम सब मिलकर जीवछ नदी की निर्मलता और पवित्रता को बनाए रखने, उसे पुनर्जीवित करने तथा मुक्ति धाम के कायाकल्प में सहभागी बनें। सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ मधुबनी के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version