*समाहरणालय, मधुबनी*
*जिला जनसंपर्क कार्यालय*
*प्रेस विज्ञप्ति*
*जिलाधिकारी ने जितवारपुर विलेज को क्राफ्ट विलेज के रूप में विकसित करने की परियोजना का किया निरीक्षण*
*प्रवेश मार्ग से ही क्राफ्ट विलेज की विशिष्ट पहचान सुनिश्चित करने एवं मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर दिए आवश्यक निर्देश*
*मधुबनी, 29 अगस्त 2026।*
*जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा द्वारा आज राजनगर प्रखंड अंतर्गत जितवारपुर विलेज को क्राफ्ट विलेज के रूप में विकसित किए जाने की परियोजना का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना के विभिन्न घटकों, निर्माण कार्यों एवं प्रस्तावित सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों एवं सभी स्टेकहोल्डर्स को परियोजना को बेहतर स्वरूप देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।*
*जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सड़क एवं ड्रेनेज व्यवस्था को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि क्राफ्ट विलेज में आने वाले आगंतुकों को प्रवेश मार्ग से ही इसकी विशिष्ट पहचान एवं स्थानीय कला-संस्कृति की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। इस उद्देश्य से प्रवेश क्षेत्र, सड़क, आसपास के क्षेत्र एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का विकास क्राफ्ट विलेज की थीम एवं स्थानीय कला परंपरा के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए।*
*निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इस बात पर भी विशेष जोर दिया कि परियोजना का लाभ केवल पर्यटन एवं कला को बढ़ावा देने तक सीमित न रहे, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों एवं कलाकारों के लिए रोजगार, आजीविका एवं आर्थिक अवसरों का सृजन भी सुनिश्चित हो। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को स्थानीय लोगों की सहभागिता एवं आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए समग्र विकास की कार्ययोजना पर कार्य करने का निर्देश दिया।*
*जिलाधिकारी ने BSRDC Ltd., विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों/के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना के लंबित एवं आवश्यक कार्यों को त्वरित गति से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्राफ्ट विलेज का विकास योजनाबद्ध, आकर्षक एवं दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ किया जाए, ताकि यह क्षेत्र स्थानीय कला एवं शिल्प के संरक्षण, प्रदर्शन एवं विपणन के लिए एक प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित हो सके।*
*निरीक्षण के दौरान BSRDC Ltd. के DGM श्री मुकेश कुमार, मैनेजर टेक श्री पवन कुमार, संबंधित संवेदक, राजनगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा जिला स्तर के संबंधित पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।*
