समाहरणालय, मधुबनी
जिला जनसम्पर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक 18 /03/2026
⬛️ जिलाधिकारी की सतत मॉनिटरिंग से ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण में तेज़ी, साहरघाट–कलुआही सेक्शन-1 में मरम्मती कार्य शुरू
मधुबनी, 18मार्च 2026 जिलाधिकारी आनंद शर्मा द्वारा ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग का सकारात्मक परिणाम अब ज़मीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में साहरघाट से कलुआही सेक्शन-1 सड़क के मरम्मती कार्य का शुभारंभ हो गया है।
इस महत्वपूर्ण सड़क के मरम्मत पूर्ण हो जाने के पश्चात क्षेत्र में आवागमन और अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को सीधा लाभ प्राप्त होगा। यह सड़क क्षेत्रीय संपर्क का प्रमुख माध्यम है, जिसके सुदृढ़ीकरण से सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण में मधुबनी राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल
गौरतलब है कि मधुबनी जिला ग्रामीण सड़कों के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों में राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है। ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, राज्यभर में 18,021 ग्रामीण पथों के सुदृढ़ीकरण हेतु प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी, जिनकी कुल लंबाई लगभग 30,848 किलोमीटर है। इनमें से अब तक 10,073 किलोमीटर सड़कों का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
इसी क्रम में मधुबनी जिले ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए कुल 656 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया है, जो जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुलभ, विकास को मिल रही नई गति
ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण से जिले के गांवों में आवागमन की सुविधा में व्यापक सुधार हुआ है। इससे किसानों, छात्रों, व्यवसायियों एवं आम नागरिकों को काफी सहूलियत मिल रही है। साथ ही गांवों का प्रखंड एवं जिला मुख्यालय से बेहतर संपर्क स्थापित हो रहा है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य एवं व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल रहा है।
गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश
इस संबंध में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
समग्र ग्रामीण विकास के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध
जिला प्रशासन, मधुबनी द्वारा ग्रामीण विकास एवं आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना एवं जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र एवं सतत विकास सुनिश्चित करना है।—————————————————————————-* ..*
*आपदा नही है भारी,यदि पूरी है तैयारी। सजग रहे,सर्तक रहे। किसी भी प्रकार की* *सहायता या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर पर*06276-222576 पर करे संपर्क।।**
=============== ===
