जालंधर के रविदास नगर इलाके में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। इस मामले में वार्ड नंबर 84 के पार्षद नीरज जस्सल उर्फ कालू पर एक युवक पर हमला करने का आरोप लगा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपित फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

पीड़ित योगेश उर्फ हनी विर्दी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 7 मार्च 2026 को वह अपने भाई के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। समारोह के दौरान डीजे के पास पहले से ही विवाद का माहौल बना हुआ था। स्थिति को देखते हुए योगेश ने अपने रिश्तेदारों को वहां से हटने के लिए कहा, ताकि कोई बड़ा झगड़ा न हो।

गाली गलौच से शुरू हुआ मामला

योगेश के अनुसार, इसी दौरान पार्षद नीरज जस्सल मौके पर पहुंचे और बिना किसी बात के गाली-गलौच शुरू कर दी। जब योगेश ने इसका विरोध किया, तो आरोपित ने पहले उसे थप्पड़ मारा और फिर अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर के बट से उसके माथे पर वार कर दिया। इस हमले में योगेश गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।

घायल युवक को तुरंत सिविल अस्पताल जालंधर ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसके माथे पर सात टांके लगाए। उसके सिर और नाक पर भी चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए आवश्यक जांच की और रिपोर्ट तैयार की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version