जम्मूवासियों और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए 6 अगस्त का दिन खास रहने वाला है। भगवती नगर स्थित बहुप्रतीक्षित वेस्ट-टू-वंडर पार्क का गुरुवार शाम 6 बजे जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला औपचारिक उद्घाटन करेंगे।

तवी नदी के किनारे और अमरनाथ यात्रा बेस कैंप के निकट विकसित यह पार्क पर्यटन के क्षेत्र में जम्मू को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके साथ ही स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को भी इससे बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा विकसित इस थीम पार्क को ‘तवी वंडर लैंड’ नाम दिया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां कबाड़ और ऑटोमोबाइल स्क्रैप से दुनिया, भारत और जम्मू से जुड़े 14 प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्मारकों की आकर्षक प्रतिकृतियां तैयार की गई हैं।

मानसून के बीच पार्क की खूबसूरती और अनूठी कलाकृतियां पहले से ही लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। स्क्रैप मटेरियल से तैयार इन स्मारकों की कलात्मक डिजाइन पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।

प्रशासन का मानना है कि पार्क शुरू होने के बाद जम्मू आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी, जिससे होटल, रेस्तरां, परिवहन और अन्य स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ मिलेगा। पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण और पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) का संदेश भी देगी।

#Jammu #WasteToWonder #TawiWonderland #JammuTourism #OmarAbdullah #SmartCity #JammuKashmir #TravelNews #HindiNews #Tourism

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version