किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता एवं एनीमिया से बचाव के प्रति किया गया जागरूक
सीतामढ़ी, 04 जून 2026। किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण एवं मासिक धर्म स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को जिले के विभिन्न कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सिविल सर्जन सीतामढ़ी डॉ. अखिलेश कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं पीरामल फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत डुमरा, रुन्नी सैदपुर, रीगा एवं सुप्पी प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (Menstrual Hygiene Management) के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान सैनिटरी पैड के नियमित एवं सुरक्षित उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा उपयोग किए गए पैड के सुरक्षित निपटान के बारे में जागरूक किया गया।
इस अवसर पर विशेषज्ञों ने किशोरियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने की सलाह देते हुए हरी पत्तेदार सब्जियों, दालों, मौसमी फलों एवं आयरन युक्त खाद्य पदार्थों को दैनिक भोजन में शामिल करने पर बल दिया। साथ ही जंक फूड एवं अत्यधिक प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि किशोरियों में एनीमिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही आयरन एवं फोलिक एसिड (IFA) की गोलियों का नियमित सेवन अत्यंत आवश्यक है। छात्राओं को साप्ताहिक आयरन-फोलिक एसिड अनुपूरण (WIFS) कार्यक्रम के महत्व से अवगत कराते हुए नियमित रूप से IFA गोली लेने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता सत्र के दौरान मासिक धर्म से जुड़े मिथकों एवं भ्रांतियों को दूर करने का भी प्रयास किया गया। छात्राओं को बताया गया कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है और इस दौरान स्वच्छता, उचित पोषण तथा सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखना आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।
इस जागरूकता अभियान में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक असित रंजन, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक डुमरा अनुपमा सिंह, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी रीगा डॉ. मनोज कुमार तथा सुप्पी के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार, रुन्नी सैदपुर से BHM राजीव कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
वहीं, पीरामल फाउंडेशन की ओर से जिला प्रबंधक प्रभाकर कुमार, कार्यक्रम लीड बिकेश कुमार, अकरम खान, नवनीत कुमार, दुर्गा प्रसाद एवं रोहित कुमार ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए छात्राओं को स्वास्थ्य, पोषण एवं मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित रूप से IFA गोली का सेवन करने तथा मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता संबंधी सभी आवश्यक सावधानियों का पालन करने का आह्वान किया गया। यह पहल किशोरियों के स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version