प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के अवसर पर जिले को ऊर्जा, औद्योगिक विकास, शिक्षा, पशुपालन और आवास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिली।
इन योजनाओं के माध्यम से जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की पहल की गई है।
कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण नावानगर औद्योगिक विकास क्षेत्र एवं चौसा ताप विद्युत संयंत्र से किया गया। इसके तहत छोटका सिंघनपुरा में 12.67 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी पावर सब-स्टेशन का उद्घाटन किया गया।
इसमें 10-10 एमवीए के दो ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं। इससे 56 गांवों के करीब 11,500 परिवारों को बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
वहीं, 7,027 करोड़ रुपये की लागत वाली बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे बक्सर, डुमरांव और आरा सहित आसपास के क्षेत्रों को लाभ मिलेगा तथा औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
शिक्षा विभाग की ओर से 9.47 करोड़ रुपये की लागत से तीन विद्यालय भवनों का निर्माण पूरा किया गया है।
इनमें नावानगर के परसागण्डा में 1.93 करोड़, इटाढ़ी के बड़कागांव में 3.77 करोड़ तथा सिमरी के ढकाईच में 3.77 करोड़ रुपये की लागत से भवन तैयार किए गए हैं। इन विद्यालयों में कक्षा नौ से 12वीं तक की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध होगी।
पशुपालन और आवास योजना को भी बढ़ावा
राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत डुमरांव स्थित गोकुल ग्राम में 37.043 करोड़ रुपये की लागत से हीफर पालन केंद्र स्थापित किया जाएगा। यहां 500 मादा पशुओं के माध्यम से आईवीएफ और सेक्स-सार्टेड सीमेन तकनीक से उच्च आनुवंशिक गुणवत्ता वाली बछियों का उत्पादन होगा।
इसका क्रियान्वयन काम्फेड, पटना द्वारा किया जाएगा। इससे उन्नत नस्ल के पशुओं की उपलब्धता और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले के 113 लाभुकों में से सांकेतिक रूप से 10 लाभुकों को नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपी गई।
इन परियोजनाओं से जिले के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने के साथ क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
