मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई से हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। लगातार हो रहे मिसाइल और बम हमलों के कारण आम नागरिकों में दहशत का माहौल है।
इसी बीच उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के एक युवक के इजरायल में फंसे होने की खबर ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी है। आदर्श नगर पालिका रसड़ा के वार्ड नंबर तीन, अहिरपुरा मोहल्ला निवासी रमाशंकर यादव का 36 वर्षीय पुत्र श्याम नारायण बीते 23 मई 2024 से इजरायल में भवन निर्माण कार्य के लिए गया हुआ है।
बताया जा रहा है कि श्याम नारायण इस समय इजरायल के करमा इलाके में रह रहा है, जहां हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। लगातार हो रहे हमलों के कारण वहां के कई शहरों में सायरन बज रहे हैं और लोग अपनी जान बचाने के लिए बंकरों में शरण लेने को मजबूर हैं।
परिजनों के अनुसार, श्याम नारायण से रविवार को भी बातचीत हुई। उनके बड़े चाचा सत्यनारायण ने बताया कि श्याम ने अपनी मां मालती देवी से फोन पर बात करते हुए कहा कि वह सुरक्षित है, लेकिन लगातार हो रहे हमलों के चलते बंकर में रहना पड़ रहा है।
श्याम नारायण ने परिवार को बताया कि जैसे ही सायरन बजता है, सभी लोग तुरंत बंकरों में चले जाते हैं, क्योंकि किसी भी समय मिसाइल गिरने का खतरा बना रहता है। फिलहाल वह सुरक्षित हैं, लेकिन आने वाले दिनों में स्थिति कैसी रहेगी, इसे लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
परिवार के लोग लगातार भगवान से उसकी सुरक्षा की प्रार्थना कर रहे हैं। वहीं, गांव और इलाके के लोग भी इस खबर से चिंतित हैं और उसके सुरक्षित वापस लौटने की कामना कर रहे हैं।
मध्य-पूर्व में बढ़ते इस संघर्ष का असर वहां काम कर रहे भारतीय नागरिकों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। ऐसे में सरकार और प्रशासन की ओर से भी स्थिति पर नजर बनाए रखी जा रही है।
