अधिकारियों को अलर्ट रहने तथा वैसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रखने का निर्देश

भूमि संबंधी समस्याओं के त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

महादलित टोलों और अनुसूचित जाति बाहुल्य बस्तियों में पात्र लाभुकों को सरकार की विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें

डीएम एसएसपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर अधिकारियों के साथ की बैठक
~~~~~~

मधुबनी
19 सितंबर 2026

समाज में भ्रांति एवं अफवाह फैलाकर आम लोगों, विशेषकर महिलाओं को अनावश्यक रूप से समाहरणालय में एकत्रित कर जनजीवन प्रभावित करने तथा सरकारी कार्यों में व्यवधान उत्पन्न करने के मामले को जिला पदाधिकारी लगातार गंभीर हैं। इसको लेकर जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री योगेंद्र सिंह ने जिला से लेकर पंचायत स्तर तक के संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता की भूमि एवं राजस्व संबंधी समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा संचालित कार्यों को मिशन मोड में लेते हुए पात्र लोगों की समस्याओं का नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से इधर-उधर भटकना न पड़े।
उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि मापी, वासगीत पर्चा, सरकारी भूमि का सत्यापन सहित अन्य राजस्व संबंधी मामलों का जिम्मेदारीपूर्वक निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस संबंध मे लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए पात्र मामलों का शीघ्र निष्पादन तथा जहां किसी कारणवश मामला लंबित है, वहां नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता, राजस्व को पूरे जिले में इस कार्य की अनुमंडलवार सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा नियमित समीक्षा कर प्रगति में तेजी लाने का निर्देश दिया। वहीं, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत अंचलों का नियमित भ्रमण कर राजस्व कार्यों की समीक्षा करने एवं आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि राजस्व एवं भूमि सुधार से संबंधित कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महादलित टोलों में पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ
~~~~~
जिलाधिकारी ने संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर जिले के महादलित टोलों एवं अनुसूचित जाति बाहुल्य बस्तियों में विशेष रूप से पात्र लाभुकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि विकास शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार शत प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। समाज के वंचित एवं जरूरतमंद परिवारों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी सक्रियता के साथ कार्य करें। जिलाधिकारी ने सभी विकास मित्रों को सक्रिय एवं तत्पर रहकर अपने क्षेत्र में पात्र लाभुकों की पहचान करने, आवेदन प्राप्त करने एवं योजनाओं से लाभान्वित कराने की प्रक्रिया में सहयोग करने का निर्देश दिया। जिला कल्याण पदाधिकारी को इन कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

अफवाह एवं भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर सख्ती
~~~
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह गंभीर एवं संवेदनशील है। लोगों की वास्तविक समस्याओं का समाधान नियमानुसार संबंधित विभाग एवं सक्षम स्तर पर किया जा रहा है। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति गलत अथवा भ्रामक सूचना के माध्यम से समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न करता है, लोगों को अनावश्यक रूप से समाहरणालय में एकत्रित करता है अथवा सरकारी कार्य एवं विधि-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास करता है, तो ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि वासगीत पर्चा के लिए संबंधित अंचल कार्यालय में आवेदन जमा किया जाता है। आवेदन की नियमानुसार जांच एवं पात्रता के सत्यापन के बाद पात्र लाभुक को अंचल स्तर से ही पर्चा उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए अनावश्यक रूप से समाहरणालय आने की आवश्यकता नहीं है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता को इस प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट एवं सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रांति की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही, गलत एवं भ्रामक सूचना के माध्यम से लोगों को गुमराह करने तथा अनावश्यक भीड़ एकत्रित करने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान के प्रति प्रशासन पूरी तरह गंभीर एवं संवेदनशील है, लेकिन अफवाह, भ्रम एवं अव्यवस्था फैलाकर विधि-व्यवस्था को प्रभावित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। ऐसे तत्वों के विरुद्ध आगे भी पूरी तत्परता एवं सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने जिले के समग्र विकास के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को सरकार की विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं नियमानुसार लाभ पहुंचाने तथा जनहित से जुड़े कार्यों के निष्पादन में पूरी संवेदनशीलता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

 

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version