सशस्त्र सीमा बल की 51वीं बटालियन, सीतामढ़ी-II द्वारा शुक्रवार को 14वें स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, खेल प्रतियोगिताओं और सामाजिक गतिविधियों के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का नेतृत्व संजीव कुमार सिंह ने किया। स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत 18 मई से 23 मई 2026 तक विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें अंतर समवाय क्रिकेट टूर्नामेंट, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, जलेबी दौड़, 100 मीटर दौड़, फ्रॉग रेस और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल रहे।

रक्तदान शिविर का भी आयोजन

स्थापना दिवस के अवसर पर मानव जीवन बचाने के उद्देश्य से रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, जवानों, उनके परिजनों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे परिसर में उत्साह और आनंद का माहौल देखने को मिला।

कमांडेंट ने लिया गार्ड ऑफ ऑनर

कार्यक्रम के दौरान संजीव कुमार सिंह को पारंपरिक “गार्ड ऑफ ऑनर” दिया गया। इसके बाद उन्होंने महा निदेशक, SSB नई दिल्ली द्वारा भेजा गया शुभकामना संदेश सभी अधिकारियों और जवानों के समक्ष पढ़कर सुनाया।

संदेश में महा निदेशक ने 51वीं बटालियन के सभी कर्मियों और उनके परिवारों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सीमा सुरक्षा में अहम भूमिका

कार्यक्रम में बताया गया कि 51वीं बटालियन की सीमा क्षेत्रों में तैनाती से सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा लगातार मजबूत हुई है। बीते वर्षों में बटालियन ने मादक पदार्थों, नकली भारतीय मुद्रा, विदेशी मुद्रा, प्रतिबंधित दवाइयों, वन्य पदार्थों और अवैध हथियारों की जब्ती के साथ-साथ अवैध घुसपैठ रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इसके अलावा विदेशी नागरिकों, मानव तस्करों और अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी कर राष्ट्रीय सुरक्षा में भी योगदान दिया गया है।

चुनाव और कानून व्यवस्था ड्यूटी में भी तैनाती

बटालियन की विभिन्न समवाय वर्ष 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव और 2026 में केरल, पश्चिम बंगाल तथा तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के दौरान सुरक्षा ड्यूटी में तैनात रही। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई।

सामाजिक कार्यों की भी सराहना

सशस्त्र सीमा बल की 51वीं बटालियन द्वारा सीमावर्ती गांवों में समय-समय पर मानव चिकित्सा शिविर, पशु चिकित्सा शिविर, प्रशिक्षण कार्यक्रम और जागरूकता अभियानों का आयोजन किया जाता रहा है। स्थानीय लोगों ने इन प्रयासों की सराहना की है।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह का समापन “बड़ा खाना” कार्यक्रम के साथ हुआ, जिसमें अधिकारी और जवान शामिल हुए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version