जिले में बढ़ती चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक ने अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ की शुरुआत की है।

इस विशेष अभियान के तहत बीते दो वर्षों में हुई चोरी और नकबजनी की घटनाओं का विश्लेषण कर जिले के विभिन्न इलाकों को ‘हॉटस्पॉट’ के रूप में चिन्हित किया गया है। इन क्षेत्रों में अपराध की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अब विशेष निगरानी और सघन गश्त की व्यवस्था की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत चिन्हित हॉटस्पॉट इलाकों में तीन थानों की पुलिस फोर्स को तैनात किया जाएगा। यह टीमें लगातार गश्त करेंगी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेंगी, जिससे अपराधियों की गतिविधियों पर तुरंत अंकुश लगाया जा सके।

आंकड़ों के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में जिले में चोरी की कुल 147 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन घटनाओं में यह भी सामने आया कि अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार हो जाते थे और रात में गश्त कर रही पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग पाती थी।

इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। अब तकनीकी निगरानी, गश्त की टाइमिंग में बदलाव और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल की तैनाती के जरिए अपराध पर नियंत्रण की योजना बनाई गई है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों में भय पैदा करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। साथ ही, लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version