सीतामढ़ी। 51वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (SSB), सीतामढ़ी-II में तैनात आरक्षी (चालक) राजश्री त्रिपाठी का 6 सितंबर 2026 को हृदयाघात के कारण निधन हो गया। उनके निधन की खबर से वाहिनी परिवार और परिजनों में शोक की लहर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजश्री त्रिपाठी वर्तमान में अवकाश पर थे। 29 अगस्त 2026 को अपने आवास की रेलिंग की सफाई के दौरान वह दूसरी मंजिल से गिर गए थे। हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी और कमर के नीचे के हिस्से में हरकत नहीं हो रही थी।

इसके बाद उन्हें उपचार के लिए गुरु श्री गोरक्षनाथ चिकित्सालय, गोरखनाथ मंदिर परिसर, गोरखपुर में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 5 सितंबर की रात उन्हें हृदयाघात हुआ। इसके बाद 6 सितंबर को उनका निधन हो गया।

दिवंगत आरक्षी (चालक) राजश्री त्रिपाठी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित शोकाकुल परिवार छोड़ गए हैं।

उनके निधन पर 51वीं वाहिनी परिवार की ओर से दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि एवं शत्-शत् नमन अर्पित किया गया। वाहिनी परिवार ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक-संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

ॐ शांति।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version