*समाहरणालय, मधुबनी*
================
*जिला जनसम्पर्क कार्यालय*
================
*प्रेस विज्ञप्ति*
*दिनांक -24/06/2026*
================
*पीएमएफएमई योजना से विष्णु प्रसाद चौधरी ने पापड़ उद्योग स्थापित कर लिखी सफलता की नई कहानी*
———————————————-
*मधुबनी 24 जून 2026*

*मधुबनी जिले के मधेपुर प्रखंड निवासी विष्णु प्रसाद चौधरी ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम की है। उन्होंने वर्ष 2024 में पापड़ उद्योग की स्थापना कर न केवल स्वयं को रोजगार से जोड़ा, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए हैं।*
*व्यावसायिक पृष्ठभूमि से जुड़े विष्णु प्रसाद चौधरी ने 17 सितंबर 2024 को अपने पापड़ उद्योग की शुरुआत की।* *उन्होंने उद्योग विभाग की सहायता से पीएमएफएमई योजना के तहत 10 लाख रुपये की वित्तीय मदद प्राप्त की और स्थानीय बाजार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पापड़, बड़ी एवं अदौरी जैसे खाद्य उत्पादों का निर्माण शुरू किया।* *गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के कारण उनके व्यवसाय को धीरे-धीरे पहचान मिलने लगी।*
*उन्होंने बताया कि उद्योग की शुरुआत के दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। प्रशिक्षित कारीगरों की कमी के कारण अच्छे उत्पाद तैयार करने में कठिनाई हुई।* *इस समस्या के समाधान के लिए उन्हें अन्य जिलों से कारीगर बुलाने पड़े। शुरुआती दौर में उत्पादों की बिक्री भी एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन धैर्य, मेहनत और ग्राहकों के विश्वास के बल पर उन्होंने इन कठिनाइयों को पार कर लिया।*
*विष्णु प्रसाद चौधरी ने अपने उत्पादों को “श्याम पापड़ उद्योग” के नाम से बाजार में उतारा। आज उनके उत्पादों को मधुबनी जिले के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी पहचान मिल रही है। वर्तमान में उनकी फैक्ट्री में पांच लोगों को रोजगार प्राप्त है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिला है।*
*भविष्य की योजनाओं के बारे में उन्होंने बताया कि वे अपने उद्योग का विस्तार करना चाहते हैं, ताकि अधिक लोगों को रोजगार मिल सके और स्थानीय खाद्य उद्योग का विकास हो।* *युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि शुरुआत में कठिनाइयां अवश्य आती हैं, लेकिन आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनकी यह सफलता कहानी अन्य युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित कर रही है।*
———————- ———————————————————————
================
*बिहार में शराब का व्यापार एवम सेवन पूर्ण रूप से अवैध है। इससे संबधित जानकारी टॉल फ्री नंबर 15545 या 18003456268 एवम जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर ’06276-222576 पर भी ’जरूर दे। आपकी पहचान गोपनीय रखी जायेगी ।*
================
================
*DPRO,MADHUBANI*

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version