मधुबनी जिले में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील की है।

जारी चेतावनी के अनुसार, 29 जून को पूर्वाह्न 10:15 बजे से अपराह्न 1:15 बजे तक मधुबनी जिले के सभी प्रखंडों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान तेज हवा, आंधी, बारिश और वज्रपात जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।

प्रशासन ने लोगों से कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे, बिजली के खंभों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। किसानों और खेतों में कार्य कर रहे लोगों को भी मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

आपदा प्रबंधन विभाग ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम से संपर्क करने की अपील की गई है।

जिला प्रशासन ने कहा है कि मौसम संबंधी ताजा अपडेट और चेतावनियों पर लगातार नजर रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या नुकसान से बचा जा सके।

प्रशासन ने लोगों को जागरूक करते हुए संदेश दिया है कि आपदा के प्रभाव को कम करने के लिए समय रहते तैयारी और सतर्कता सबसे प्रभावी उपाय है।

“आपदा नहीं हो भारी, यदि पूरी हो तैयारी” के संदेश के साथ जिला प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग और सावधानी बरतने की अपील की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version