केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा के तहत आज अंग्रेजी विषय का पेपर आयोजित किया गया, जिसे छात्रों ने अपेक्षाकृत आसान बताया। परीक्षा के बाद विद्यार्थियों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलकती दिखाई दी।
सुबह परीक्षा शुरू होने से पहले छात्रों में तनाव और घबराहट साफ नजर आ रही थी, लेकिन परीक्षा समाप्त होते ही माहौल पूरी तरह बदल गया। परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते ही छात्र आपस में चर्चा करते हुए राहत महसूस करते नजर आए।
विद्यार्थियों ने बताया कि इस बार का अंग्रेजी पेपर उम्मीद से आसान रहा। छात्र सक्षम, ध्रुव, धृति और मयंक ने कहा कि पेपर उतना कठिन नहीं था, जितना उन्हें पहले पेपर में लगा था। उनका कहना था कि प्रश्नपत्र संतुलित था और ज्यादातर सवाल सिलेबस के दायरे में थे।
कई छात्रों ने यह भी बताया कि पेपर के पैटर्न और प्रश्नों की भाषा स्पष्ट थी, जिससे उन्हें उत्तर लिखने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई। इससे उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है और आगामी परीक्षाओं को लेकर उनका मनोबल मजबूत हुआ है।
परीक्षा के बाद अभिभावकों ने भी राहत की सांस ली और उम्मीद जताई कि आने वाले पेपर भी इसी तरह सरल और संतुलित होंगे।
