अलीनगर की भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर से जुड़े पोखरभिंडा जमीन विवाद में गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
ग्रामीणों की गंभीर शिकायतों के बाद सदर डीसीएलआर (वन) अजय कुमार और प्रभारी अंचलाधिकारी आलोक कुमार दल-बल के साथ गांव पहुंचे और विवादित स्थल की मापी कराई।
जांच के दौरान सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण की बात सही पाई गई, जिसके बाद सड़क पर बिछाई गई फ्लाई ऐश ईंट और दोनों तरफ लगाए गए पत्थर के डिवाइडर को तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया। प्रशासन के निर्देश के तुरंत बाद मजदूरों ने मौके से डिवाइडर को हटाना शुरू कर दिया।
तीन आवेदनों पर हुई जांच
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे मामले में अब तक कुल तीन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें एक आवेदन सरकारी सड़क के अतिक्रमण से जुड़ा है, जबकि दो मामले निजी जमीनों के विवाद से संबंधित हैं।
सरकारी रास्ते की मापी पूरी होने के बाद वहां किए गए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई है। हालांकि, निजी जमीनों पर कब्जे के आरोपों को लेकर मौके पर फिलहाल कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिसके लिए संबंधित रैयतों को उचित मंच पर दस्तावेज पेश करने को कहा गया है।
कागजात के साथ तलब
गगन मिश्र की करीब 12 से 14 धुर जमीन दोनों बाउंड्री के बीच आने के दावे पर अधिकारियों ने उन्हें डीसीएलआर कार्यालय या सक्षम न्यायालय में आवेदन देने की सलाह दी है।
वहीं, करीब 15 धुर जमीन के दूसरे मामले में रैयत राम उदार मिश्र को आगामी शनिवार को आयोजित होने वाली परामर्श सभा में सभी वैध कागजातों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान की जमीन दूसरे जिले यानी मधुबनी में पड़ने के कारण ग्रामीणों को वहां के प्रशासन के पास आवेदन देने को कहा गया है।
ग्रामीणों की आगे की निगाहें
ग्रामीणों ने रामदाय देवी और श्रवण कुमार मिश्र की जमीन पर मिट्टी कटाई के मामले की जांच न होने पर अपनी बात रखी है। शिकायत करने वालों में भगवान मिश्र, गगन कुमार मिश्र, संतोष कुमार सिंह, प्रेमचंद मिश्र और राम उदार मिश्र समेत कई स्थानीय ग्रामीण शामिल हैं।
बहरहाल, सरकारी रास्ते पर प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब सभी की निगाहें शनिवार को होने वाली परामर्श सभा और अमीन की फाइनल मापी रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।
वहीं दूसरी ओर पटना में एएनआई से बातचीत के दौरान विधायक मैथिली ठाकुर ने सभी आरोपों को निराधार करार दिया है।
