Sitamarhi पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी अपराधी विवेक कुमार को पुलिस ने Tamil Nadu से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक सीतामढ़ी के निर्देश पर जिले में गंभीर आपराधिक मामलों में फरार और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था। इसके तहत लगातार आसूचना संकलन और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था।
इसी क्रम में जिला आसूचना इकाई द्वारा जुटाए गए तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई और तमिलनाडु में कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विवेक कुमार के रूप में हुई है। वह Sonbarsa थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
कई गंभीर मामलों में था वांछित
पुलिस के अनुसार, विवेक कुमार के खिलाफ लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और विभिन्न थाना क्षेत्रों में वांछित था।
उसके खिलाफ बथनाहा, सुरसंड, बेला, कन्हौली और सोनबरसा थाना में कई केस दर्ज हैं। इसके अलावा मधुबनी जिले के लदनियां थाना क्षेत्र में भी उसके खिलाफ डकैती और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज है।
आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के केस भी दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी पर भारतीय दंड संहिता (IPC), भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट, विस्फोटक अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत भी गंभीर मामले दर्ज हैं।
सुरसंड थाना में दर्ज एक मामले में आरोपी पर अवैध हथियार रखने और एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। वहीं कई मामलों में वह डकैती और हथियारबंद वारदातों में शामिल रहा है।
पूछताछ जारी, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सीतामढ़ी पुलिस ने कहा कि संगठित अपराध और हथियारबंद गिरोहों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।