कटक जिले के तिगिरिया इलाके में अवैध देसी शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। भिरुड़ा और पनसपतना गांवों में छापामारी के दौरान भारी मात्रा में देसी शराब और शराब बनाने का कच्चा माल जब्त किया गया।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई इस कार्रवाई में अधिकारियों को जमीन के नीचे बनाए गए गुप्त कक्ष भी मिले, जिनमें शराब और कच्चा माल छिपाकर रखा गया था।
अधिकारियों के मुताबिक, गांवों से बड़े पैमाने पर देसी शराब तैयार कर अलग-अलग इलाकों में सप्लाई की जा रही थी।
छापामारी के दौरान कई कंटेनरों में भरी शराब बरामद की गई। आबकारी विभाग की टीम ने जब्त शराब को गांव की सड़कों पर बहाकर मौके पर ही नष्ट कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि भिरुड़ा-पनसपतना क्षेत्र लंबे समय से अवैध शराब निर्माण और तस्करी के लिए बदनाम रहा है। इससे पहले भी इसी इलाके में कार्रवाई कर 11 हजार लीटर से अधिक देसी शराब और भारी मात्रा में कच्चा माल जब्त किया गया था।
ताजा मामले में कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं, जबकि अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
