पंजाब के अमृतसर स्थित गुरु नानक देव अस्पताल में चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल में कार्यरत एक जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर का बैग अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया, जिसकी पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
इस घटना के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि यह घटना ऐसे स्थान पर हुई है जहां मरीजों और स्टाफ की आवाजाही लगातार बनी रहती है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित डॉक्टर की पहचान डॉ. अनूप मल्होत्रा के रूप में हुई है, जो ऑर्थो यूनिट-1 के वार्ड नंबर 1 में जूनियर रेजिडेंट-3 के रूप में पोस्ट-ग्रेजुएशन कर रहे हैं। वह गोपाल नगर, मजीठा रोड, अमृतसर के निवासी हैं।
डॉ. मल्होत्रा के मुताबिक, 16 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे उनके सीनियर डॉक्टर ने उन्हें वार्ड से संबंधित एक जरूरी कार्य के लिए बाहर भेजा था। इसी दौरान उनका बैग वार्ड से गायब हो गया।
जब वह वापस लौटे तो बैग अपनी जगह पर नहीं मिला। इसके बाद अस्पताल प्रशासन को सूचित किया गया और सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति को बैग उठाकर ले जाते हुए साफ तौर पर देखा जा सकता है।
घटना सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों और डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल में सुरक्षा को और मजबूत किए जाने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
फिलहाल, मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
