झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का सोमवार तड़के निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए शोक संदेश साझा करते हुए मां के स्नेह और आशीर्वाद को जीवन की सबसे अनमोल धरोहर बताया।
दरअसल, सायरा मुंडा पिछले काफी समय से बीमार चल रही थीं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार जारी था। सोमवार तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी उम्र करीब 92 वर्ष बताई जा रही है।
अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना शोक संदेश जारी किया। उन्होंने लिखा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा की पूज्य माताजी श्रीमती सायरा मुंडा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और उनकी ममता जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होती है। उनका निधन ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती।
सम्राट चौधरी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही अर्जुन मुंडा और उनके पूरे परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति और धैर्य प्रदान करने की कामना की।
वहीं, अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है। हेमंत सोरेन ने अर्जुन मुंडा के प्रति संवेदना जताते हुए इसे जीवन की अपूरणीय क्षति बताया। राज्यपाल संतोष गंगवार, बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी शोक संदेश जारी किया।
गौरतलब है कि अर्जुन मुंडा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ केंद्र सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। उनके राजनीतिक जीवन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां रही हैं। ऐसे में उनकी मां के निधन की खबर पर अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं की ओर से संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
फिलहाल, इस दुख की घड़ी में राजनीतिक मतभेदों से परे विभिन्न दलों के नेता अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
