बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी खराब सेहत और काम की तलाश को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म ‘जोश’ में शाहरुख खान के साथ नजर आ चुके शरद कपूर ने अब सोशल मीडिया पर उनके नाम पर बनाए जा रहे वीडियो को लेकर नाराजगी जाहिर की है। अभिनेता का आरोप है कि कुछ लोग मदद के नाम पर उनके साथ ऐसा व्यवहार कर रहे हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ रही है।
दरअसल, शरद कपूर ने हाल ही में एक वीडियो साझा कर फिल्म इंडस्ट्री से काम और सहयोग की अपील की थी। इसके बाद कई लोग उनसे मिलने पहुंचे। लेकिन अब अभिनेता ने दावा किया है कि कुछ लोग उनके हाथ में जबरदस्ती पैसे थमा देते हैं, इसके बाद वीडियो रिकॉर्ड करते हैं और शूटिंग पूरी होने पर वही पैसे वापस ले लेते हैं।
अपने ताजा वीडियो में शरद कपूर ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके बारे में कई गलत चीजें दिखाई जा रही हैं। उन्हें समझ नहीं आता कि कौन व्यक्ति क्या कर रहा है। अभिनेता ने इस तरह की गतिविधियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें यह सब काफी अपमानजनक लगता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब वह किसी से मुलाकात नहीं करेंगे। अगर किसी को उनसे मिलना है, तो वह हाथ जोड़कर अभिवादन करेंगे। जरूरत पड़ने पर लोग उनकी दोस्त हेमा चौधरी से संपर्क कर सकते हैं।
शरद कपूर की दोस्त हेमा चौधरी ने भी इस मामले पर नाराजगी जताई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अभिनेता की परेशानी को सोशल मीडिया कंटेंट बनाने का जरिया न बनाएं। उनका कहना है कि इस समय शरद को मेडिकल देखभाल, सहयोग और निजी स्पेस की जरूरत है।
गौरतलब है कि शरद कपूर ने पहले फिल्म इंडस्ट्री से दोबारा काम देने की अपील की थी। अभिनेता सलमान खान और सोनू सूद समेत कई कलाकार उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। सोनू सूद ने उनके इलाज के लिए मेडिकल सहायता की व्यवस्था भी की है।
