लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जनपद के आठ थाना क्षेत्रों में कुल 186 घाटों पर व्रती भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगे। वहीं, 25 स्थानों पर छठ माता की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, जिनका विसर्जन 16 नवंबर को होगा।
खलीलाबाद थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 45 घाट चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा महुली में 36, धनघटा में 29, मेंहदावल में 24, बेलहरकला में 18, बखिरा और धर्मसिंहवा में 12-12 तथा दुधारा में 10 घाटों पर छठ पूजा होगी।
प्रतिमा स्थापना के मामले में भी खलीलाबाद सबसे आगे है। यहां आठ स्थानों पर छठ माता की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। मेंहदावल में छह, बखिरा में पांच तथा दुधारा, धनघटा और महुली में दो-दो प्रतिमाएं स्थापित होंगी। बेलहरकला और धर्मसिंहवा में प्रतिमा स्थापना नहीं होगी।
चार प्रमुख घाटों पर उमड़ेगी भारी भीड़
पर्व के दौरान खलीलाबाद क्षेत्र के पक्का पोखरा कस्बा, मगहर आमी नदी घाट, पटना घाट पुल मगहर और बालूशासन घाट पर चार हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। वहीं, महुली क्षेत्र के मुखलिसपुर नदी पुल, पक्का पोखरा महुली और राजघाट पुल हरिहरपुर पर तीन से चार हजार लोगों की भीड़ जुट सकती है। मेंहदावल में कुबेरनाथ मंदिर, बखिरा में मंगेशनाथ मंदिर कस्बा बखिरा, दुधारा में सिकरीया नाला और बेलहरकला में राजाघाट प्रमुख छठ घाट रहेंगे।
घाटों पर रहेगी पुलिस की विशेष निगरानी
पिछले पांच वर्षों में छठ पर्व के दौरान जिले में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। इस बार भी त्योहार को लेकर किसी तरह का विवाद सामने नहीं आया है। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन भीड़भाड़ वाले घाटों पर विशेष सतर्कता बरतेगा।
प्रमुख घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ गोताखोरों की व्यवस्था, बैरिकेडिंग और प्रकाश का इंतजाम किया जाएगा। प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष टीमें लगाई जाएंगी। प्रशासन का प्रयास है कि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सके।
