महापर्व छठ पर ऐतिहासिक देव सूर्य मंदिर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं।
देव छठ मेले में आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को ठहरने और आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने जिलेवासियों और देव पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रशासनिक तैयारी की जानकारी दी। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए कुल नौ आवासन स्थल बनाए गए हैं।
इनमें देव थाने के पास जिला प्रशासन की ओर से टेंट सिटी तैयार की जा रही है। सभी आवासन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, शौचालय, पेयजल और चापाकल की सुविधा होगी।
प्रशासन का प्रयास है कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को रात में ठहरने और दैनिक जरूरतें पूरी करने में परेशानी न हो।
मेला क्षेत्र में आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस, जरूरी दवाइयों और चिकित्सा दल की तैनाती रहेगी।
कुंड क्षेत्र में एसडीआरएफ की टीम और गोताखोर मौजूद रहेंगे, ताकि जल संबंधी दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में तुरंत बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
मेला तक पहुंचना भी होगा आसान
भीड़ नियंत्रित करने और आवागमन सुगम बनाने के लिए विशेष यातायात व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को देव मोड़ से प्रखंड कार्यालय तक और माले नगर से बहुआरा मोड़ तक फ्री यातायात सुविधा मिलेगी।
