मानव तस्करी निरोध इकाई एवं अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘बाल सुरक्षा संकल्प अभियान’ के तहत डुमरा की मिश्रौलिया, परिहार की बबूरवन एवं महादेवपट्टी तथा भुतही की दोस्तियां पंचायत के विभिन्न विद्यालयों में ‘किशोरी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में छात्राओं को बाल विवाह एवं बाल दुर्व्यापार के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों एवं बाल अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही शिक्षा, सुरक्षा, समानता, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता के महत्व पर चर्चा कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक एवं सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में संबंधित थानों के बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों, महिला थाना के प्रतिनिधियों एवं अदिथी कवच परियोजना के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
इस पहल का उद्देश्य किशोरियों की आवाज एवं सहभागिता को प्रोत्साहित करते हुए पंचायतों को बाल विवाह एवं बाल दुर्व्यापार मुक्त बनाने की दिशा में सामुदायिक प्रयासों को मजबूत करना है।
