मधुबनी, 7 सितंबर 2026। जिला प्रशासन की ‘सेवा-संवाद-समाधान’ अनुश्रवण प्रणाली के तहत जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सोमवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में ‘सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)’ कार्यक्रम के तहत आमजनों से सीधा संवाद किया।
इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। डीएम ने सभी आवेदनों एवं परिवादों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कार्यक्रम के दौरान मधवापुर प्रखंड निवासी गणेश राय ने केवाला भूमि पर जबरन घर बनाए जाने की शिकायत की। वहीं, बाबूबरही प्रखंड के धमौरा निवासी मोहम्मद सुभान ने सार्वजनिक रास्ते से अतिक्रमण हटाने को लेकर आवेदन दिया। मधवापुर प्रखंड के बलवा निवासी ललिता देवी ने दबंगों द्वारा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायतों के निपटारे में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
डीएम ने बताया कि राज्य सरकार की व्यवस्था के तहत प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकते हैं, जिनका निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन किया जाता है।
आमजन अपनी शिकायतों के समाधान के लिए RTMS ‘सहयोग’ पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। वहीं, विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाता है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विद्यालयों और छात्रावासों में शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा प्राप्त शिकायतों के नियमित अनुश्रवण और प्रभावी निष्पादन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। विद्यार्थी अपनी समस्याएं सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 के माध्यम से भी दर्ज करा सकते हैं। ऑनलाइन शिकायत के लिए sahyog.bihar.gov.in पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी, संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है। जिला प्रशासन आम नागरिकों को सम्मानपूर्वक और सुगम तरीके से सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।
