सीतामढ़ी। शहर में निर्माणाधीन रिंग बांध रोड के निर्माण कार्य का जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने रविवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्य की स्थिति, सामने आ रही बाधाओं और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने बुडको के अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर तय मानकों और तकनीकी विशिष्टियों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द दूर करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण क्षेत्र में अतिक्रमण का मामला भी सामने आया। जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में अतिक्रमणवाद चलाया गया था। अब दोबारा टीम गठित कर नियमानुसार अतिक्रमणवाद संचालित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि रिंग बांध रोड पुनौरा धाम तक आवागमन सुगम बनाने के साथ शहर की कनेक्टिविटी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। सड़क के निर्माण से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्माण कार्य में बाधक बन रहे विद्युत पोलों की शिफ्टिंग और आवश्यकता के अनुसार पेड़ों के स्थानांतरण की कार्रवाई जल्द पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्वेता भारती, अपर समाहर्ता संजीव कुमार, एसडीओ आनंद कुमार, सीओ डुमरा सहित जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी और संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे।
