चीन के 32 वर्षीय युवा उद्यमी ने रोजमर्रा की एक बेहद सामान्य समस्या को अनोखे बिजनेस आइडिया में बदल दिया है। अब लोग पीठ या शरीर के दूसरे हिस्सों में होने वाली खुजली से राहत पाने के लिए प्रोफेशनल सर्विस का सहारा ले सकते हैं। हुबेई प्रांत के रहने वाले झांग शियाओकियाओ ने शेनझेन शहर में ‘सुमा’ (Suma) नाम से यह अनोखी सर्विस शुरू की है।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, इस सर्विस का पूरा माहौल किसी लग्जरी मसाज पार्लर जैसा तैयार किया गया है। ग्राहक आराम से बेड पर लेटते हैं, जिसके बाद प्रशिक्षित स्टाफ शरीर के अलग-अलग हिस्सों को धीरे-धीरे खुजलाकर राहत देने की कोशिश करता है।
इस अनोखी थेरेपी के लिए स्टाफ को खास तौर पर डिजाइन किए गए नुकीले नाखून दिए जाते हैं। इनकी मदद से शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर हल्के हाथों से स्क्रैचिंग की जाती है। साधारण खुजली जैसी रोजमर्रा की जरूरत को प्रीमियम सर्विस में बदलने का यह आइडिया अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
