सीतामढ़ी: बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में सीतामढ़ी जिले में संचालित “नया सवेरा अभियान 3.0” के तहत पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन के निर्देश एवं वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. नजीब अनवर के मार्गदर्शन में मानव तस्करी के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में नगर थाना क्षेत्र के बोहा टोला स्थित क्षेत्र में पुलिस निरीक्षक सह शाखा प्रभारी, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, श्री सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों को मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूपों, उसके दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आमजन से अपील की गई कि मानव तस्करी, बाल तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर अपराध पर अंकुश लगाया जा सके। अभियान के दौरान मानव तस्करी से संबंधित सूचना उपलब्ध कराने हेतु हेल्पलाइन नंबरों एवं आवश्यक संपर्क विवरण से युक्त जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए तथा स्थानीय लोगों को इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे जरूरतमंद व्यक्ति आसानी से पुलिस तक अपनी सूचना पहुंचा सकें। इस अवसर पर अदिथी कवच परियोजना की टीम, ए.वी.ए. के प्रतिनिधि, नगर थाना एवं महिला थाना के पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से मानव तस्करी के विरुद्ध सामाजिक सहभागिता को सशक्त बनाने का संदेश दिया।
सीतामढ़ी पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि मानव तस्करी जैसे संगठित अपराध के विरुद्ध शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति के तहत अभियान निरंतर जारी रहेगा। पुलिस का मानना है कि आमजन की सक्रिय भागीदारी, समय पर प्राप्त सूचनाएं तथा सामुदायिक सहयोग मानव तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्थानीय नागरिकों ने मानव तस्करी के विरुद्ध सीतामढ़ी पुलिस की सक्रिय, संवेदनशील एवं जन-केंद्रित पहल की सराहना करते हुए इसे समाज की सुरक्षा तथा महिलाओं एवं बच्चों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम बताया।
