सीतामढ़ी में बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में 18 से 25 जुलाई 2026 तक चलाए जा रहे ‘अभियान नया सवेरा 3.0’ के तहत मानव तस्करी रोकथाम और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया।
यह कार्यक्रम सीतामढ़ी पुलिस की मानव तस्करी निरोध इकाई, विशेष किशोर पुलिस इकाई एवं अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। पोस्टर का विमोचन वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह नोडल पदाधिकारी मो. नजीब अनवर ने किया।
जागरूकता ही सबसे प्रभावी हथियार: मो. नजीब अनवर
इस अवसर पर मो. नजीब अनवर ने कहा कि मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस, प्रशासन और समाज की साझा भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता इस अपराध के खिलाफ सबसे प्रभावी माध्यम है और लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही इस पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से मिलेगा अभियान को बल
अदिथी कवच परियोजना के कार्यक्रम प्रबंधक रोहित सिंह ने कहा कि सीतामढ़ी पुलिस के नेतृत्व में संचालित ‘अभियान नया सवेरा 3.0’ मानव तस्करी की रोकथाम और बाल संरक्षण के क्षेत्र में एक सराहनीय एवं प्रभावी पहल है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस और सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयास से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद मिलेगी।
कई अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में पुलिस निरीक्षक सह शाखा प्रभारी, मानव तस्करी निरोध इकाई सुशील कुमार सिंह, मनीष कुमार, मुकुंद चौधरी, पायल सिंह, काजल, सुजीत कुमार, संजय वर्मा, सहायक अवर निरीक्षक रूपेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी और अदिथी कवच परियोजना के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सीतामढ़ी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मानव तस्करी, बाल शोषण या बच्चों से जुड़े किसी भी संदिग्ध मामले की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
