मधुबनी। जिले में लगातार हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने बुधवार को घोघरडीहा प्रखंड के परसा हॉल्ट के समीप भुतही बलान नदी के बांध कटाव स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बांध की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती उपाय तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बांध की वर्तमान स्थिति, नदी के जलस्तर और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बांध के प्रत्येक हिस्से की नियमित निगरानी की जाए तथा कहीं भी कटाव, रिसाव या किसी प्रकार की क्षति के संकेत मिलने पर बिना विलंब मरम्मत कार्य शुरू किया जाए।
उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में बांध की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त मात्रा में बालू की बोरियां, बोल्डर और अन्य आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मधेपुर प्रखंड के रहुआ संग्राम से जानकी नगर जाने वाली सड़क पर जलजमाव की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भुतही और तिलयुगा नदी के संगम क्षेत्र तथा जानकी नगर की ओर जाकर मौके की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के संबंध में चर्चा की।
जिलाधिकारी ने बताया कि जलजमाव के कारण आवागमन प्रभावित होने पर लोगों की सुविधा के लिए दो नावों का संचालन कराया गया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अंचल अधिकारी को एक अतिरिक्त नाव की व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्रों में नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। जलस्तर में हो रहे उतार-चढ़ाव पर प्रशासन की नजर है और वस्तुस्थिति से संबंधित विभागों को नियमित रूप से अवगत कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों द्वारा बिजली आपूर्ति की समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने कहा कि इसकी जांच कराई जाएगी। यदि विभागीय मानकों के अनुरूप विद्युत आपूर्ति नहीं हो रही है तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा प्रबंधन के मामलों में जिला प्रशासन और राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रहे हैं तथा आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान झंझारपुर की अनुमंडल पदाधिकारी टोनी कुमारी, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) नितेश पाठक, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी रजनीश कुमार, ग्रामीण कार्य विभाग, जल संसाधन विभाग, बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
