प्रतिबद्धता का परिणाम
जिला प्रशासन के अनुसार, बिहार में दूसरा स्थान हासिल करना अधिकारियों और कर्मियों की प्रतिबद्धता तथा आम नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। प्रशासन का कहना है कि जिले में लोक सेवाओं के अधिकार अधिनियम के तहत निर्धारित सेवाओं का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं की उपलब्धता और सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
पंचायत स्तर पर सुधार का दिखा असर
जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय पंचायत स्तर पर किए गए सुधारों को भी दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर पंचायत सरकार भवनों और पंचायत भवनों में पदस्थापित कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, समयबद्ध सेवा वितरण तथा एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
इन प्रयासों के परिणामस्वरूप पंचायत सरकार भवनों में कर्मियों की उपस्थिति पहले की तुलना में अधिक नियमित हुई है। इससे RTPS सेवाओं के संचालन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है और आम नागरिकों को समय पर सरकारी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि पर सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में सीतामढ़ी राज्य में प्रथम स्थान हासिल करने की दिशा में और बेहतर प्रदर्शन करेगा।