प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक : 17 जून 2026
बाढ़ पूर्व सभी सुरक्षात्मक एवं सुदृढ़ीकरण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करें : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी रिची पांडे ने आज जनार से तिलक ताजपुर बांध तक निर्माणाधीन सड़क एवं बांध से संबंधित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता तथा बाढ़ सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून एवं संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जानी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि बांध के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों की आवश्यक मरम्मत, सुदृढ़ीकरण एवं सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर अविलंब पूर्ण किए जाएं, ताकि बाढ़ के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन सड़क एवं बांध से संबंधित कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य विहित मानकों एवं विभागीय एसओपी के अनुरूप कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सुरक्षात्मक कार्यों की नियमित निगरानी की जाए।उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रबंधन के दृष्टिकोण से बांधों की मजबूती अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे जुड़े सभी कार्यों को हर हाल में निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा, “बाढ़ पूर्व तैयारियों में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी। लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बांधों एवं तटबंधों से जुड़े सभी सुरक्षात्मक कार्यों को समय पर पूर्ण करें तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।”
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। ।
