[28-09-2026 08:23 PM] Kulranjan Jha Prathvi News: सभी उपभोक्ताओं को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तपूर्ण खाद्यान्न का वितरण करें सुनिश्चित -डीएम
सितंबर माह का १००% वितरण 30 सितंबर तक पूरा करने का दिया टास्क, अन्यथा होगी कार्रवाई
राशन कार्ड में लापरवाही बरतने वाले बीएसओ पंडौल, घोघरडीहा, खजौली का वेतन स्थगित, हुआ स्पष्टीकरण
पीडीएस दुकानों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु नियमित निरीक्षण एवं निगरानी का सख्त निर्देश
डीएम ने आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के निमित्त अधिकारियों के साथ की बैठक
~~~~~~
मधुबनी,
26 सितंबर 2026
जिला पदाधिकारी, मधुबनी श्री आनंद शर्मा की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक शनिवार को सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में जिले में खाद्यान्न वितरण, राशन कार्ड निर्माण एवं अद्यतन, अपात्र राशन कार्डधारियों के कार्डों की समीक्षा, जन वितरण प्रणाली दुकानों की निगरानी, अनुश्रवण समिति की बैठक सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान राशन कार्ड निर्माण की प्रगति की प्रखंडवार समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि कुछ प्रखंडों में राशन कार्ड निर्माण के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में शिथिलता बरतने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध जवाबदेही निर्धारित करने का निर्देश दिया। राशन कार्ड निर्माण में खराब प्रदर्शन पाये जाने पर पंडौल, घोघरडीहा एवं खजौली प्रखंडों के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों का वेतन स्थगित करते हुए उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि राशन कार्ड निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि माह के अंत तक अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित करने की कार्रवाई की जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रखंड एवं अनुमंडल स्तर पर अनुश्रवण समिति की नियमित बैठक करने पर जोर
~~~~बैठक में आपूर्ति व्यवस्था के अनुश्रवण को और प्रभावी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक माह प्रखंड एवं अनुमंडल स्तर पर अनुश्रवण समिति की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित कराई जाए। उन्होंने कहा कि अनुश्रवण समितियों की बैठक मे प्राप्त शिकायतों, राशन कार्ड से संबंधित मामलों तथा जन वितरण प्रणाली दुकानों की स्थिति तथा खाद्यान्न वितरण की वास्तविक समीक्षा की जाय।
सितंबर माह का खाद्यान्न 30 सितंबर तक वितरित करने का सख्त निर्देश
~~~~~~
खाद्यान्न वितरण की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को 30 सितंबर तक सितंबर माह के खाद्यान्न का शत-प्रतिशत वितरण लाभुकों के बीच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अनुमंडल पदाधिकारी को अपने-अपने अनुमंडल में खाद्यान्न वितरण की नियमित समीक्षा एवं निगरानी करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने अपात्र राशन कार्डधारियों की भी समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को सरकारी खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ अपात्र व्यक्तियों के नाम पर बने राशन कार्डों की पहचान एवं सत्यापन की कार्रवाई नियमानुसार की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि अपात्र राशन कार्डधारियों को नियमानुसार नोटिस देने के उपरांत उनका राशन कार्ड रद्द करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस प्रक्रिया में निर्धारित नियमों एवं प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का अनुपालन करने का निर्देश दिया गया।
जन वितरण प्रणाली दुकानों की नियमित एवं निगरानी को लेकर जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी क्षेत्र में भ्रमण कर जन वितरण प्रणाली की दुकानों का निरीक्षण करें तथा दुकानों के संचालन, खाद्यान्न की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं लाभुकों को मिलने वाली सुविधाओं की सतत निगरानी रखें। उन्होंने निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी दुकान पर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित डीलर के विरुद्ध नियमानुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
[28-09-2026 08:23 PM] Kulranjan Jha Prathvi News: जिलाधिकारी ने कहा कि जन वितरण प्रणाली के माध्यम से सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे खाद्यान्न का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। किसी भी स्तर पर अनियमितता, कालाबाजारी, खाद्यान्न वितरण में लापरवाही अथवा लाभुकों को अनावश्यक परेशानी की शिकायत मिलने पर त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारी को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि आपूर्ति व्यवस्था से संबंधित कार्यों में किसी भी परिस्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों से आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक निर्धारित समय सीमा में पहुंचाने की अपेक्षा की।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा आपूर्ति विभाग से संबंधित अन्य पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।
