मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले से बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। नागलवाड़ी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत लफनगांव के चिभानियापूरा मोहल्ले में एक युवक और उसके चार वर्षीय बेटे के शव घर के अंदर फंदे से लटके मिले। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 22 वर्षीय सायमल पुत्र बुधला और उसके चार वर्षीय बेटे सुमित के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पिता ने पहले अपने बेटे को फंदे पर लटकाया और बाद में स्वयं भी फांसी लगा ली। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर का दरवाजा अंदर से बंद था। सुमित के दादा बुधला सुबह पोते के लिए दवा लेने बाहर गए थे। जब वह वापस लौटे तो घर की खिड़की से अंदर झांकने पर उन्होंने बेटे और पोते को रस्सी के फंदे से लटका देखा।
इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया और दोनों को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर नागलवाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
