सहयोग एवं विकास शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें

प्रोजेक्ट के निर्माण में बाधा उत्पन्न होने पर संबंधित एसडीओ करें त्वरित समाधान

जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ अंतर्विभागीय साप्ताहिक समन्वय की बैठक कर दिया निर्देश
~~~~~
मधुबनी, 7 अक्टूबर।

सरकारी योजनाओं का निर्बाध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने तथा क्रियान्वयन में उत्पन्न बाधाओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से अंतर्विभागीय साप्ताहिक समन्वय बैठक बुधवार को जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई । बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, जनसमस्याओं के निष्पादन, सहयोग एवं विकास शिविरों की समीक्षा तथा आधारभूत संरचना से संबंधित परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिलांतर्गत पंचायतों में आयोजित किए जा रहे विकास शिविर एवं सहयोग शिविर के लिए प्रखंडवार नोडल पदाधिकारी नामित किए गए हैं। जिला पदाधिकारी ने सभी नोडल पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि उनके क्षेत्राधीन प्रखंड में कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे। इसके लिए नोडल पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र का नियमित विजिट करें तथा क्षेत्र मे योजनाओं की प्रगति, लाभुकों की योजनावार स्थिति की गहन समीक्षा एवं सर्वेक्षण करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि क्षेत्र में ऐसे योग्य एवं पात्र व्यक्तियों की पहचान की जाए, जिन्हें अब तक किसी कारणवश सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। ऐसे लाभुकों का नाम, पता, संबंधित योजना का नाम सहित स्पष्ट विवरण तैयार कर तीन दिनों के भीतर प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ सुनिश्चित हो।

जनसमस्याओं के वास्तविक समाधान पर विशेष जोर
~~~~~
जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने सहयोग एवं विकास शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यद्यपि पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों में विभागवार एवं प्रखंडवार प्राप्त आवेदनों का अभियान चलाकर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निष्पादन किया गया है। उन्होंने सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन एवं आम जनता की समस्याओं/शिकायतों के समाधान की भी समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को आगाह एवं अलर्ट किया कि केवल आवेदन का निस्तारण कर देना पर्याप्त नहीं है। सिंगल स्टार रेटिंग एवं सिटिजन फीडबैक को गंभीरता से लेते हुए जनता की शिकायत का वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन के निष्पादन की गुणवत्ता की जिम्मेदारी संबंधित पदाधिकारी की होगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि यदि कोई आवेदन किसी अन्य अधिकारी, विभाग पटना से संबंधित है, तो उसे संबंधित पदाधिकारी को तत्काल फॉरवर्ड किया जाए तथा आवेदन के संबंध में स्पष्ट टिप्पणी भी अंकित की जाए। इससे निर्धारित टाइमलाइन के अनुरूप आवेदन का वास्तविक निष्पादन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि जनसमस्याओं के समाधान में कोताही अथवा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित करते हुए विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
भूमि संबंधी शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अपर समाहर्ता, राजस्व को बेनीपट्टी अंचल की पूरी टीम को जिला मुख्यालय बुलाकर गहन समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता से संबंधित भूमि विवाद एवं शिकायतें अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए। ऐसे मामलों का नियमानुसार पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

प्रोजेक्ट निर्माण में उत्पन्न बाधा का संबंधित एसडीओ करेंगें त्वरित समाधान
~~~~~~
बैठक में जिले में आधारभूत संरचनाओं के विकास एवं विभिन्न योजनाओं के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंताओं के साथ अंतर्विभागीय समन्वय को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि बड़े अथवा छोटे किसी भी प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य में यदि अतिक्रमण अथवा अन्य स्थानीय समस्या के कारण बाधा उत्पन्न होती है, तो संबंधित कार्यपालक अभियंता तत्काल संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करें।
[08-10-2026 04:43 PM] Kulranjan Jha Prathvi News: उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के निर्माण में उत्पन्न स्थानीय बाधाओं का त्वरित समाधान कराकर योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराना संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अनुमंडल पदाधिकारी को अपने क्षेत्राधीन अंचलों के कार्यों की नियमित समीक्षा एवं सतत प्रभावी मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया, ताकि स्थानीय कारणों से किसी भी महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण कार्य बाधित न हो।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं की गति बनाए रखने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

बैठक में अपर समाहर्ता आपदा, अपर समाहर्ता राजस्व, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version