समाहरणालय, मधुबनी
जिला जनसम्पर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक : 27/04/2026
⬛️ सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने आमजनों की समस्याएं सुनीं, त्वरित समाधान हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश

मधुबनी, 27 अप्रैल 2026
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने समाहरणालय परिसर स्थित अपने कार्यालय कक्ष में सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत आयोजित “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” कार्यक्रम में आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
यह जनसंवाद कार्यक्रम आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों में आने वाली कठिनाइयों का समाधान उपलब्ध कराने तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए दर्जनों लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिनके समाधान हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान ग्राम नवटोल, पोस्ट भराम, थाना भैरवस्थान निवासी डॉ. ललन कुमार झा ने अपने भूमि पर भाइयों द्वारा बलपूर्वक अतिक्रमण किए जाने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की।
वहीं ग्राम ककना, पंचायत श्रीपुरहाटी दक्षिण, थाना पंडौल निवासी किरण कुमारी ने ग्राम पंचायत राज श्रीपुरहाटी दक्षिण में वर्ष 2001 से अब तक सामान्य वर्ग के लिए मुखिया पद आरक्षित किए जाने के संबंध में आवेदन दिया।
इसके अतिरिक्त प्रखंड फुलपरास स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय के विशिष्ट शिक्षक विंध्यवासिनी द्वारा अंतर वेतन की बकाया राशि के भुगतान की स्वीकृति हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारी अपने-अपने कक्षों में उपस्थित रहे तथा जिले भर से आए लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े।

उन्होंने कहा कि “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जनहितैषी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाना है, ताकि प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक त्वरित सेवा उपलब्ध हो सके।

आपदा नहीं है भारी, यदि पूरी है तैयारी।
सजग रहें, सतर्क रहें। किसी भी प्रकार की सहायता अथवा सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष, मधुबनी के दूरभाष संख्या 06276-222576 पर संपर्क करें।

DPRO, Madhubani

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version