समाहरणालय, मधुबनी

जिला जनसम्पर्क कार्यालय

प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक 16 /03/2026

⬛️ भामती वाचस्पति महोत्सव–2026 के अवसर पर परिचर्चा सत्र एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन

मधुबनी,16 मार्च 2026 कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में “भामती वाचस्पति महोत्सव–2026” के अवसर पर 15 मार्च 2026 को सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं दूसरे दिवस में परिचर्चा सत्र का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्वानों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा, मैथिली भाषा तथा क्षेत्रीय इतिहास के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।

संध्या 6:00 बजे आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष सुश्री बिंदु गुलाब यादव, श्री नीतीश कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंधराठाढ़ी तथा भामती वाचस्पति निर्माण समिति के अध्यक्ष श्री रत्नेश्वर झा के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के आरंभ में अतिथियों का पारंपरिक मैथिली पाग, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों ने मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, लोककला और विद्या परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए इस महोत्सव की सराहना की।

जिला परिषद अध्यक्ष सुश्री बिंदु गुलाब यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि मिथिला की भूमि सदैव ज्ञान, दर्शन और संस्कृति की धरती रही है। पंडित वाचस्पति मिश्र जैसे महान दार्शनिकों ने इस क्षेत्र को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपरा, संस्कृति और इतिहास से जोड़ने का कार्य करते हैं।

जिला परिषद उपाध्यक्ष श्री संजय यादव ने जिला प्रशासन तथा आयोजन समिति को इस महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं और कहा कि ऐसी पहल से स्थानीय कलाकारों को भी मंच मिलता है तथा हमारी लोक संस्कृति को नई ऊर्जा प्राप्त होती है।

संध्या के सांस्कृतिक कार्यक्रम में पंचनाद (क्लासिकल फ्यूजन बैंड) राग अहीर भैरव में अलबेला साजन आयो री , रंजना झा (प्रसिद्ध मैथिली गायिका)के द्वारा चानन भेल अन्य विद्यापति रचित गीत , अरविंद सिंह (मैथिली भजन गायक) ने श्याम गजब सहर दरभंगा , नेहा कुमारी एवं समूह (ओडिसी नृत्य),वर्षा झा (मैथिली गायिका), प्रिया कुमारी एवं समूह (लोक नृत्य), दिव्या एवं शांति (गायिका) ने छाप तिलक सब चीनी , डेज़ी ठाकुर (गायिका) के द्वारा चैती तथा तनय झा (गायक) ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

पहले दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रम का कुशल संचालन आनन्द मोहन झा (उद्घोषक) ने किया।

⸻——————————————————————————* ..*

  *आपदा नही है भारी,यदि पूरी है तैयारी। सजग रहे,सर्तक रहे।  किसी भी प्रकार की* *सहायता या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर  पर*06276-222576  पर करे संपर्क।।**                         

=============== ===

**

# DPRO,Madhubani

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version