समाहरणालय, मधुबनी

जिला जनसम्पर्क कार्यालय

प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक 06 /05/2026

⬛️ जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, बच्चों के बीच शिक्षक की भूमिका में दिखे
⬛️ शिक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं अनुशासन को लेकर दिए सख्त निर्देश
⬛️ अग्निवीर तैयारी ट्रैक, सड़क एवं भू-अर्जन कार्यों का भी किया स्थल निरीक्षण।
मधुबनी, 06 मई 2026 :
जिलाधिकारी आनंद शर्मा* ने अपने नियमित बुधवारीय क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम के तहत जयनगर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेला जयनगर एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय कमलाबाड़ी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, पठन-पाठन की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति का गहन अवलोकन किया।
उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेला जयनगर में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी बच्चों के बीच क्लासरूम में बैठकर एक शिक्षक की भूमिका में भी नजर आए। उन्होंने बच्चों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे तथा विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का सरल एवं विस्तृत तरीके से समाधान किया। जिलाधिकारी ने बच्चों से खुलकर संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं एवं शिक्षकों के व्यवहार के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को स्पष्ट निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी छात्र-छात्राएं नियमित रूप से विद्यालय पोशाक में ही विद्यालय आएं। उन्होंने विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई, शौचालयों की स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय का वातावरण बच्चों के सर्वांगीण विकास के अनुकूल एवं प्रेरणादायक होना चाहिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा उत्क्रमित मध्य विद्यालय कमलाबाड़ी का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उपस्थित एसएसबी अधिकारियों के साथ अग्निवीर भर्ती की तैयारी हेतु प्रस्तावित ट्रैक निर्माण को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाने को कहा।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने कई महत्वपूर्ण सड़कों, परियोजनाओं की भूमि उपलब्धता एवं भू-अर्जन से संबंधित स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए तथा भूमि संबंधी मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ताकि विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा, आधारभूत संरचना एवं युवाओं के विकास से जुड़े कार्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं तथा आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।उक्त अवसर पर एसडीओ जयनगर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।- —————————————————————————————* ..*

  *आपदा नही है भारी,यदि पूरी है तैयारी। सजग रहे,सर्तक रहे।  किसी भी प्रकार की* *सहायता या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर  पर*06276-222576  पर करे संपर्क।।**                         

=============== ===

**

# DPRO,Madhubani

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version