प्रकाशनार्थ
सुरसंड के करुणा गांव में खूनी संघर्ष: लोजपा (रामविलास) के प्रखंड अध्यक्ष और उनके बेटे पर जानलेवा हमला, मुजफ्फरपुर रेफर; पुलिस प्रशासन पर उठे सवाल
सुरसंड (सीतामढ़ी):
सुरसंड थाना क्षेत्र के करुणा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई हिंसक मारपीट में लोजपा (रामविलास) के सुरसंड प्रखंड अध्यक्ष सह बीस सूत्री सदस्य विनोद चौबे और उनके पुत्र पंकज चौबे गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। दोनों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है।
अस्पताल दर अस्पताल भटकते रहे पीड़ित
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सुरसंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सीतामढ़ी में स्थिति और अधिक बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया है, जहां वे जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
पूर्व में शिकायत के बावजूद पुलिस की लापरवाही का आरोप
घायलों का आरोप है कि इस विवाद को लेकर पूर्व में भी सुरसंड थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता को लिखित व मौखिक शिकायत दी गई थी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते मामले पर संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करती, तो आज यह जानलेवा हमला नहीं होता।
गांव के ही दबंगों पर हमले का आरोप
जख्मी विनोद चौबे के अनुसार, हमलावर उनके अपने ही गांव के हैं। उन्होंने गांव के ही पतिराम चौबे, गौतम चौबे और उनके अन्य सहयोगियों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने का सीधा आरोप लगाया है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सुरसंड थाना प्रभारी लालकिशोर गुप्ता पुलिस बल के साथ मामले की जांच में जुट गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है और थाना अध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता ने बताया हालांकि इस संबंध में अभी तक मेरे पास लिखित शिकायत या आवेदन नहीं दिया गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version