सीतामढ़ी के जिलाधिकारी ऋची पाण्डेय ने सोमवार को सुरसंड प्रखंड की बघाड़ी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन और शिकायत को गंभीरता से लिया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसका निष्पादन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

सहयोग पोर्टल पर तुरंत अपलोड होंगे आवेदन

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को बिना विलंब सहयोग पोर्टल पर अपलोड किया जाए। साथ ही उनकी नियमित मॉनिटरिंग कर तय समय के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से राजस्व मामलों, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, आवास योजनाओं तथा अन्य जनसेवा से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

बिचौलियों पर सख्ती, पंचायत कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य

ग्रामीणों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पूरी पारदर्शिता और सरल प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचना चाहिए। उन्होंने बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा पंचायत स्तर पर कार्यरत सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को प्रत्येक कार्य दिवस पंचायत सरकार भवन अथवा पंचायत कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर लोगों को सभी सरकारी सेवाएं समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। बिना उचित कारण अनुपस्थित पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जनहित में संवेदनशील और जवाबदेह कार्यशैली अपनाने का निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मियों को जनहित के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और पारदर्शी कार्यशैली अपनाने की सलाह देते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सहयोग शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी पुपरी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, बघाड़ी पंचायत के मुखिया, प्रखंड प्रमुख, प्रखंड स्तरीय अधिकारी, पंचायत कर्मी तथा जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version