समाहरणालय, सीतामढ़ी
जिला जन संपर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक : 28 सितंबर 2026

सीतामढ़ी शहर में पीएनजी कनेक्शन के विस्तार को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा, 3700 घरों तक बिछाई गई पाइपलाइन

सीतामढ़ी। जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया द्वारा आज समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सीतामढ़ी शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) के इंस्टॉलेशन एवं कनेक्शन के विस्तार को लेकर समीक्षा बैठक की गई। बैठक में शहर में पीएनजी आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, पाइपलाइन विस्तार तथा अधिक से अधिक घरों तक कनेक्शन पहुंचाने को लेकर विस्तृत जानकारी ली गई।

समीक्षा के क्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सिन्हा द्वारा जिलाधिकारी को बताया गया कि सीतामढ़ी नगर निगम क्षेत्र के खड़का, डुमरा में पीएनजी डीकम्प्रेशन यूनिट स्थापित की गई है। इसके माध्यम से 107 घरों में प्रायोगिक तौर पर पीएनजी कनेक्शन दिया गया है तथा इन घरों में पीएनजी से चूल्हा संचालित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि सीतामढ़ी शहर के वार्ड संख्या 01 से 25 तक लगभग 3700 घरों को आच्छादित करते हुए पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा चुका है। इससे शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस की सुविधा के विस्तार का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

बैठक में जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने पीएनजी कनेक्शन के विस्तार की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं तकनीकी टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शहर में पीएनजी आधारित गैस आपूर्ति को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाने तथा अधिक से अधिक घरों तक कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

पीएनजी के माध्यम से घरों में गैस की आपूर्ति पाइपलाइन के जरिए सीधे पहुंचाई जाती है। इसके विस्तार से शहरवासियों को घरेलू ईंधन की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा गैस सिलेंडर की बुकिंग, भंडारण और घर तक पहुंचाने जैसी प्रक्रियाओं पर निर्भरता भी कम हो सकती है।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सिन्हा, कुंज जगर, महमूद आलम, लक्ष्मण कुमार, साइट इंजीनियर तथा बीपीसीएल के संबंधित अभियंता उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version