सीतामढ़ी, 11 अगस्त 2026। सीतामढ़ी के परिचर्चा भवन में विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी विकसित भारत-जी राम जी योजना को लेकर पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था के जनप्रतिनिधियों और प्रखंड स्तर पर योजना से जुड़े कार्यक्रम पदाधिकारियों को योजना के प्रावधानों, उद्देश्यों और प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय, उप विकास आयुक्त श्वेता भारती और अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान निदेशक, राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम के प्रावधानों, योजना की पात्रता, उद्देश्यों और क्रियान्वयन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

पारदर्शिता और जवाबदेही पर डीएम ने दिया जोर

जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने कहा कि विकसित भारत-जी राम जी योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि योजना का वास्तविक लाभ जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों तक पहुंचे।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से योजना के प्रावधानों को पूरी तरह समझने तथा ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की। डीएम ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाना चाहिए। पात्र लाभुकों को योजना का समुचित लाभ मिले, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जनप्रतिनिधियों की भागीदारी जरूरी: डीडीसी

उप विकास आयुक्त श्वेता भारती ने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी किसी भी योजना की सफलता में पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। विकसित भारत-जी राम जी योजना को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों और संबंधित कर्मियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।

उन्होंने प्रतिभागियों से योजना के प्रावधानों और उद्देश्यों की जानकारी ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने तथा इसके क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

सम्मेलन में जिला परिषद के ACEO, जिला अंकेक्षण प्रबंधक, जिला वित्त प्रबंधक, जिला MIS पदाधिकारी, विकसित भारत-जी राम जी टीम, लेखा पदाधिकारी, डीआरडीए के अधिकारी तथा सभी प्रखंडों के कार्यक्रम पदाधिकारी और लेखपाल शामिल हुए।

सम्मेलन का उद्देश्य ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को नई रोजगार गारंटी योजना के प्रावधानों एवं उद्देश्यों से परिचित कराना था। साथ ही योजना के पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम के समापन पर निदेशक, राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम, सीतामढ़ी ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
#Sitamarhi #SitamarhiNews #BiharNews #ViksitBharat #JeeRamJiYojana #RuralEmployment #EmploymentGuarantee #Panchayat #PanchSammelan #RuralDevelopment #BiharGovernment #RuralLivelihood #RitchiePandey #ShwetaBharti

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version