सीतामढ़ी, 18 सितंबर 2026। 51वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, सीतामढ़ी-II में गृह मंत्रालय के नागरिक कल्याण कार्यक्रम 2026-27 के तहत सीमावर्ती महिलाओं और युवतियों के लिए ब्यूटीशियन प्रशिक्षण का समापन और सिलाई प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम कमांडेंट संजीव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में और परिहार विधायक गायत्री देवी की उपस्थिति में आयोजित हुआ।

विधायक गायत्री देवी ने ब्यूटीशियन प्रशिक्षण के समापन और सिलाई प्रशिक्षण का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं को ब्यूटीशियन किट और प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

ब्यूटीशियन प्रशिक्षण 17 अगस्त से 12 सितंबर तक कन्हौली, गोरहारी और इंदरवा के वाइब्रेंट विलेज में तीन चरणों में आयोजित किया गया। प्रत्येक चरण सात दिनों का था और इसमें कुल 40 युवतियों एवं महिलाओं ने हिस्सा लिया। 51वीं वाहिनी के आरक्षी (बारबर) ने प्रतिभागियों को ब्यूटीशियन से जुड़े व्यावहारिक कौशल का प्रशिक्षण दिया।

वहीं, सोनबरसा, कन्हौली, कन्हवा और भिट्ठामोड़ क्षेत्र की 50 महिलाओं एवं युवतियों के लिए सिलाई प्रशिक्षण शुरू किया गया है। यह प्रशिक्षण 18 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चार चरणों में चलेगा। 51वीं वाहिनी के आरक्षी (दर्जी) प्रतिभागियों को सिलाई के विभिन्न उपयोगी कौशल सिखाएंगे।

कमांडेंट संजीव कुमार सिंह ने कहा कि एसएसबी की जिम्मेदारी केवल सीमा सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सीमावर्ती नागरिकों के कल्याण, विकास और सशक्तिकरण में सहयोग करना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि ब्यूटीशियन, सिलाई, बेसिक कंप्यूटर, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में भर्ती-पूर्व प्रशिक्षण, मशरूम उत्पादन और प्लंबिंग सहित विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नागरिक कल्याण कार्यक्रम एसएसबी और सीमावर्ती नागरिकों के बीच विश्वास व सहयोग मजबूत करने का माध्यम हैं। सीमावर्ती ग्रामीण सीमा सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण सहयोगी हैं और उनके साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय से सीमा सुरक्षा को प्रभावी बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में उप कमांडेंट जय प्रकाश कुमार, सहायक कमांडेंट सुमित कुमार सहित अन्य अधिकारी, प्रशिक्षक और कार्मिक मौजूद रहे। अंत में प्रशिक्षणार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं और कार्यक्रम में सहयोग करने वालों के प्रति आभार जताया गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version