सीतामढ़ी जिले में पुलिस को झूठी और भ्रामक सूचना देकर गुमराह करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को सुबह करीब 4:35 बजे डायल 112 पर सूचना मिली थी कि मोहनपुर में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है।

सूचना मिलते ही डायल 112 टीम, गश्ती दल, संबंधित थानाध्यक्ष और सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल पर गोलीबारी जैसी कोई घटना सामने नहीं आई।

पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन बंद मिला। इसके बाद तकनीकी माध्यम से लोकेशन ट्रैक कर संबंधित युवक को पकड़ा गया। जांच में युवक शराब के नशे में पाया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी पुलिस को झूठी और भ्रामक सूचनाएं देकर गुमराह कर चुका है। पूर्व में उसे चेतावनी देकर पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया था।

इस मामले में पुलिस ने सरकार के कार्य में बाधा उत्पन्न करने, पुलिस को गुमराह करने और अफवाह फैलाने के आरोप में कांड संख्या 371/26 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार युवक की पहचान मन्नू कुमार निवासी मानपुर जौआ, थाना रुन्नीसैदपुर, जिला सीतामढ़ी के रूप में हुई है।

सीतामढ़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की झूठी या भ्रामक सूचना न दें। पुलिस ने कहा कि छोटी घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर प्रचारित करना और अफवाह फैलाना दंडनीय अपराध है। लोगों से पुलिस को सही और सत्य सूचना देने में सहयोग करने की अपील की गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version