पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी के निर्देशानुसार जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आवागमन को सुचारू रखने और अपराध नियंत्रण के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा विभिन्न चौक-चौराहों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर रोको-टोको अभियान तथा सघन वाहन जांच की जा रही है। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जा रही है।

इसके अलावा जिलांतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों में माननीय न्यायालय द्वारा जारी लंबित इश्तिहार अधिपत्रों को विधिवत चस्पा करने की प्रक्रिया भी जारी है, ताकि फरार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा सके।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में अंचल निरीक्षक, रीगा कार्यालय में पुलिस-जनता के बीच बेहतर तालमेल और समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान आम लोगों की समस्याओं को सुना गया और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में अंचल निरीक्षक, रीगा सहित कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक द्वारा अंचल कार्यालय, रीगा का औचक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान अंचल अंतर्गत सभी थानों की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण की स्थिति, लंबित कांडों के निष्पादन और कार्यालय अभिलेखों के संधारण की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, वारंट एवं कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने, महिला हेल्प डेस्क के प्रभावी संचालन, गश्ती व्यवस्था को मजबूत बनाने और जन-शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत सघन वाहन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टाइगर गश्ती दल द्वारा बैंकिंग प्रतिष्ठानों, एटीएम और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष सुरक्षा जांच की जा रही है।

वहीं अंचल निरीक्षक, रीगा द्वारा सुप्पी, बैरगनिया और मेजरगंज समेत कई थाना क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान ओडी जांच, गश्ती दल और डायल 112 की सतर्कता और सक्रियता की भी जांच की गई।

सीतामढ़ी पुलिस का कहना है कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आम लोगों को सुरक्षित माहौल देने के लिए लगातार निगरानी, जांच और जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version