सीतामढ़ी में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत – संकल्प अभियान” की शुरुआत की जा रही है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा My Bharat (मेरा युवा भारत) के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे इस राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ 2 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा।

इस अभियान के तहत देशभर में युवाओं के बीच नशामुक्ति को लेकर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और कौशल विकास संस्थानों के विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा। इसके अलावा नेहरू युवा केंद्र, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC), जीविका समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं, उद्योग संगठनों तथा सामाजिक और धार्मिक संगठनों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

2 अगस्त को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को वर्चुअल माध्यम से जोड़ा जाएगा। अभियान के दौरान युवाओं का My Bharat Portal पर पंजीकरण कराया जाएगा और उन्हें ऑनलाइन माध्यम से नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।

सीतामढ़ी जिले में इस अभियान के सफल संचालन के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका) तथा जिला नियोजन पदाधिकारी को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने स्तर पर छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन भागीदारी और शपथ ग्रहण सुनिश्चित करें।

अभियान के तहत सीतामढ़ी अभियंत्रण महाविद्यालय, आईटीआई सीतामढ़ी, राजकीय महाविद्यालय, राजकीय पॉलिटेक्निक, जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में भी वर्चुअल संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया जाएगा।

प्रशासन का मानना है कि यह अभियान युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक रूप से उपयोग करने की महत्वपूर्ण पहल है। सभी संबंधित संस्थानों और युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version