सीतामढ़ी में ‘नया सवेरा अभियान-3.0’ के तहत बाल संरक्षण को लेकर चला व्यापक जनजागरूकता अभियान

बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सीतामढ़ी पुलिस ने ‘नया सवेरा अभियान-3.0’ के तहत जिलेभर में बाल संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अमित रंजन के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. नजीब अनवर के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान बाल श्रम, मानव तस्करी, बंधुआ मजदूरी और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सीतामढ़ी पुलिस और अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इन कार्यक्रमों का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक सह प्रभारी, मानव तस्करी निरोध इकाई सुशील कुमार सिंह ने किया। अभियान की शुरुआत भूप भैरो पंचायत से हुई, जहां ग्रामीणों को मानव तस्करी, बंधुआ मजदूरी, बाल श्रम और बाल विवाह के दुष्परिणामों के साथ-साथ संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इन सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन का सामूहिक संकल्प भी लिया।

इसके बाद भुतही थाना क्षेत्र स्थित जीविका कार्यालय में विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम को पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार सिंह, बाल अधिकार कार्यकर्ता मुकुंद कुमार चौधरी, जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक हर्ष वर्मा, भुतही थाना की महिला हेल्पडेस्क प्रभारी अंबिका शर्मा तथा सामाजिक कार्यकर्ता मो. कमर अख्तर ने संबोधित किया।

सोनबरसा थाना क्षेत्र के घुरघुरा हनुमाननगर पंचायत में मुखिया नुशरत जहां की उपस्थिति में पंचायत को बाल श्रम, बाल विवाह एवं मानव तस्करी मुक्त पंचायत बनाने के उद्देश्य से विशेष बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बाल संरक्षण के क्षेत्र में सीतामढ़ी पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार सिंह को सम्मानित भी किया।

अभियान के तहत बथनाहा थाना क्षेत्र के योगवाना में भी जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां बथनाहा थाना के पुलिस अधिकारियों और अदिथी कवच परियोजना की प्रतिनिधि काजल कुमारी ने ग्रामीणों को बाल संरक्षण, मानव तस्करी और बाल अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

इसके अलावा चोरौत थाना क्षेत्र के यदुपट्टी पंचायत, बाजपट्टी प्रखंड के रतवारा पंचायत, सुप्पी थाना तथा सुरसंड थाना क्षेत्र के कुम्मा पंचायत समेत जिले के कई अन्य स्थानों पर भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में लोगों को बाल संरक्षण कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं और सामाजिक भागीदारी के महत्व से अवगत कराया गया।

अभियान को सफल बनाने में संबंधित थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के साथ अदिथी कवच परियोजना की प्रखंड समन्वयक शिव दुलारी देवी, रंजीत कुमार, प्रशांत कुमार, सुनीता कुमारी और राकेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की कि वे बाल श्रम, मानव तस्करी, बंधुआ मजदूरी और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सजग रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि बच्चों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सामूहिक प्रयासों को और मजबूत किया जा सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version