बिहार के सीतामढ़ी जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक सीतामढ़ी के निर्देश पर जिलेभर में महिला सुरक्षा, वाहन जांच, अपराधियों पर निगरानी और जन शिकायतों के त्वरित निवारण को लेकर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

जिले के सभी थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली महिला फरियादियों की समस्याओं को गोपनीयता और गंभीरता के साथ सुना जा रहा है। महिला हेल्प डेस्क प्रभारी द्वारा प्रत्येक आवेदन पर त्वरित और न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि महिलाओं को समय पर न्याय मिल सके।

वहीं टाइगर गश्ती दल द्वारा जिले के बैंक, एटीएम, ज्वैलरी दुकानों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया। पुलिस टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को रोका जा सके।

इसके अलावा, राज्य के CCTNS प्रोजेक्ट के तहत NCRB द्वारा विकसित CAS 1.0 सॉफ्टवेयर के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरीय पुलिस उपाधीक्षक मु-1 की अध्यक्षता में हुए इस प्रशिक्षण में जिले के सभी थाना और ओपी के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को तकनीकी जानकारी दी गई। NIC सीतामढ़ी के सहयोग से पोर्टल के संचालन और तकनीकी प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया गया, ताकि थाना स्तर पर कार्यों का निष्पादन और अधिक प्रभावी हो सके।

उधर ट्रैफिक पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में रोको-टोको और सघन वाहन जांच अभियान भी चलाया गया। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया, जबकि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।

जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जन शिकायत सुनवाई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। एसपी द्वारा लोगों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वहीं परिहार थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक चारपहिया वाहन और एक मोटरसाइकिल के साथ 592 लीटर शराब बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

बेलसंड थाना के हत्या से जुड़े एक मामले में नामजद आरोपी टुनटुन पटेल और सुरेश पटेल के खिलाफ न्यायालय द्वारा जारी कुर्की वारंट की कार्रवाई भी पुलिस ने विधिवत पूरी की।

इसके साथ ही सुरसंड थाना का वार्षिक निरीक्षण भी किया गया, जिसमें दैनिकी, हाजत, मालखाना, CCTNS और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों को पारदर्शिता और जनकेंद्रित पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सीतामढ़ी पुलिस लगातार अपराध नियंत्रण, विधि व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में सघन अभियान चला रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version