सीतामढ़ी: बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी ‘सात निश्चय-03’ कार्यक्रम के तहत राज्य में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक अहम पहल करते हुए 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों का एक साथ डिजिटल उद्घाटन किया गया। भागलपुर के गोराडीह से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रिमोट के माध्यम से इन सभी महाविद्यालयों का लोकार्पण कर राज्य में उच्च शिक्षा के नए दौर की शुरुआत की।

इसी क्रम में सीतामढ़ी जिले को भी बड़ी शैक्षणिक सौगात मिली है। जिले के रुन्नीसैदपुर, सोनबरसा, बाजपट्टी, परसौनी, सुप्पी, चोरौत, नानपुर, बोखरा और मेजरगंज प्रखंडों में नए राजकीय डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ किया गया। इन कॉलेजों के शुरू होने से अब इन क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

मुख्य उद्घाटन समारोह रुन्नीसैदपुर प्रखंड के थुम्मा स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, जिलाधिकारी रिची पांडेय, स्थानीय विधायक पंकज मिश्रा समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं जिले के अन्य प्रखंडों में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी रिची पांडेय ने कहा कि जिले में एक साथ नौ राजकीय डिग्री कॉलेजों की शुरुआत शैक्षणिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने घर के निकट गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा। खासकर छात्राओं को अब पढ़ाई जारी रखने में अधिक सुविधा होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन इन महाविद्यालयों के सुचारु संचालन और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य करता रहेगा।

सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने इसे सीतामढ़ी के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से ग्रामीण इलाकों में डिग्री कॉलेजों की मांग की जा रही थी, जिसे राज्य सरकार ने पूरा किया है। उनके अनुसार शिक्षा समाज के समग्र विकास की आधारशिला है और इन महाविद्यालयों के शुरू होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा।

उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version